वन विभाग में रखे जाएंगे रिटायर्ड नायब तहसीलदार, कानूनगो-पटवारी, आवेदन 20 तक

हमीरपुर।

वन वृत्त हमीरपुर में वन भूमि के सर्वे, निशानदेही, राजस्व रिकॉर्ड की अपडेशन और वन भूमि से संबंधित अन्य मामलों को सुलझाने के लिए राजस्व विभाग से सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार, कानूनगो और पटवारियों की सेवाएं ली जाएंगी।
वन वृत्त हमीरपुर के अरण्यपाल निशांत मंढोत्रा ने बताया कि इन कार्यों के लिए एक सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार, एक सेवानिवृत्त कानूनगो और 3 सेवानिवृत्त पटवारी फिक्स मासिक मानदेय आधार पर रखे जाएंगे। नायब तहसीलदार को 60 हजार, कानूनगो को 50 हजार और पटवारियों को 40 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। आवेदक की आयु पहली जुलाई 2026 को 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। उसने राजस्व विभाग में कम से कम 5 वर्ष तक सेवाएं दी हों और उसके खिलाफ कोई भी केस या अनुशासनात्मक कार्रवाई लंबित नहीं होनी चाहिए।
इन पदों के लिए 20 जुलाई तक वन वृत्त कार्यालय हमीरपुर में आवेदन किया जा सकता है। आवेदन पत्र के साथ सरकारी अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र अवश्य संलग्न किया जाना चाहिए। अरण्यपाल ने बताया कि इन सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वन वृत्त हमीरपुर के अंतर्गत आने वाले वन मंडल हमीरपुर, ऊना और देहरा में तैनात किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र, नियम एवं अन्य शर्तों की जानकारी वन वृत्त कार्यालय हमीरपुर से प्राप्त की जा सकती है। इसे वन विभाग की वेबसाइट एचपीफॉरेस्ट.जीओवी.इन से भी डाउनलोड किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01972-223217 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।