लोक कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताए नशे के दुष्प्रभाव

नादौन ।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस और नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आम लोगों को गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जागरुक करने के लिए जिला हमीरपुर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहयोग से एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध सांस्कृतिक दलों के लोक कलाकार लोगों को गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवा रहे हैं।
इसी कड़ी में मंगलवार को नादौन उपमंडल के गांव गलोड़ और धनेटा में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध नटराज कला मंच के लोक कलाकारों ने राजीव जस्सल की अगुवाई में विद्यार्थियों और अन्य लोगों को जागरुक किया। इन लोक कलाकारों ने गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी तथा नशे की समस्या को रोकने के लिए सरकार की ओर से उठाए जा रहे विभिन्न कदमों की जानकारी दी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गलोड़ के परिसर में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य सुरजीत सिंह, अन्य शिक्षक, तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय से मोनिका रानी, स्कूल के विद्यार्थी और अन्य लोग भी उपस्थित रहे। उधर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धनेटा में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम के दौरान लेक्चरर अनुराग ठाकुर, राकेश कुमार, राजकुमार, रवि चंद, अजीत सिंह और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।