लखदाता पीर कमेटी के धार्मिक स्थल की जमीन है सरकारी

हमीरपुर ,

जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव मटाहणी में लखदाता पीर कमेटी के धार्मिक स्थल की जमीन के मालिकाना हक को लेकर प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया में तरह-तरह की चर्चाओं, अटकलों और अफवाहों का संज्ञान लेते हुए हमीरपुर के तहसीलदार सुभाष कुमार ने स्पष्ट किया है कि यह जमीन वक्फ बोर्ड के नाम नहीं है।
तहसीलदार ने बताया कि राजस्व विभाग की जमाबंदी वर्ष 2018-19 के रिकॉर्ड के अनुसार महाल मटाहणी में खसरा नंबर 797 में स्थित मजार की जमीन की किस्म बंजर कदीम है और यह मलकीयती हिमाचल प्रदेश सरकार व खाना काश्त अलॉटेबल पूल की है। यानि यह सरकारी अलॉटेबल पूल की जमीन है।
सुभाष कुमार ने बताया कि इस संबंध में वन विभाग, लखदाता पीर कमेटी और स्थानीय लोगों को वस्तुस्थिति से अवगत करवाने के लिए राजस्व विभाग आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।
तहसीलदार ने सभी लोगों से आग्रह किया है कि वे किसी भी तरह की भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर विश्वास न करें तथा आपसी सौहार्द बनाए रखें।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।