रैलियों, सफाई, शपथ और पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हुआ स्वच्छता पखवाड़ा

हमीरपुर ।

स्वच्छता ही सेवा-2024 पखवाड़ा जिला हमीरपुर में भी बुधवार को सफाई अभियान, जागरुकता रैलियों, स्वच्छता की शपथ, अन्य जागरुकता गतिविधियों तथा पारितोषिक वितरण के साथ संपन्न हो गया।
पखवाड़े के समापन अवसर पर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण डीआरडीए के परिसर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में एसडीएम संजीत ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
स्वच्छता ही सेवा-2024 पखवाड़े के दौरान आयोजित की गई विभिन्न गतिविधियों की सराहना करते हुए एसडीएम ने कहा कि इस बार उक्त अभियान का मुख्य विषय ‘स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता’ रखा गया था। उन्होंने कहा कि संपूर्ण स्वच्छता का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को एक स्वभाव एवं संस्कार के रूप में आत्मसात करेगा।
एसडीएम ने स्वच्छता ही सेवा-2024 पखवाड़े के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले खंड समन्वयकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं को पुरस्कृत किया।
इससे पहले डीआरडीए की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, स्वच्छता ही सेवा-2024 में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों का स्वागत किया तथा पूरे पखवाड़े के दौरान जिले भर में आयोजित की गई विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए सभी विभागों, संस्थाओं और उनके अधिकारियों, कर्मचारियों, पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।