राज्यपाल ने राष्ट्रस्तरीय होली उत्सव की शोभायात्रा में भाग लिया

सुजानपुर,
सुजानपुर का चार दिवसीय राष्ट्रस्तरीय होली उत्सव शनिवार को संपन्न हो गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज दोपहर बाद उत्सव के समापन अवसर पर निकाली गई शोभा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया तथा ऐतिहासिक मुरली मनोहर मंदिर में पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर उन्होंने चौगान में लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, स्वयं सहायता समूहों और अन्य संस्थाओं की प्रदर्शनियों की सराहना की।
इससे पहले, सुजानपुर पहुंचने पर राज्यपाल का भव्य स्वागत किया गया।
स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, उपायुक्त एवं राष्ट्रस्तरीय होली उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, एसपी भगत सिंह ठाकुर, मेला अधिकारी एवं एसडीएम संजीत सिंह, मेला पुलिस अधिकारी एवं एएसपी राजेश कुमार, अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, नगर परिषद के पदाधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों ने राज्यपाल का स्वागत किया।
शाम को राज्यपाल होली उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
.0.

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।