राजेश धर्माणी ने घुमारवीं अस्पताल में रोबोटिक आई मशीन का किया उद्घाटन

बिलासपुर/घुमारवीं
घुमारवीं अस्पताल में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने अत्याधुनिक रोबोटिक आई मशीन का विधिवत उद्घाटन किया। यह मशीन घुमारवीं क्षेत्र के निवासियों के लिए नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। यह प्रदेश की दूसरी रोबोटिक आई मशीन है, जो आईजीएमसी शिमला के बाद अब घुमारवीं अस्पताल में उपलब्ध हुई है। इस मौके पर धर्माणी ने कहा की घुमारवीं अस्पताल में रोबोटिक आई मशीन की उपलब्धता से क्षेत्र के लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली नेत्र चिकित्सा सेवाएं यहीं पर मिलेंगी, जिससे उन्हें बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
यह मशीन आंखों की बीमारियों का जल्दी और सटीक निदान करने में सक्षम है।

घुमारवीं अस्पताल पर करीब एक लाख लोग निर्भर हैं। यहां रोजाना 450 से 600 मरीजों की ओपीडी होती है, जिनमें से लगभग 100 मरीज आंखों की समस्याओं से संबंधित होते हैं। इस नई सुविधा से अस्पताल क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं में एक नई ऊंचाई पर पहुंच गया है।
घुमारवीं अस्पताल के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेश जसवाल ने कहा, “रोबोटिक आई मशीन की सुविधा मरीजों के लिए वरदान साबित होगी। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।”

इस अवसर पर कई अन्य गणमान्य व्यक्ति, डॉक्टर, और अस्पताल प्रबंधन के सदस्य उपस्थित रहे। यह मशीन घुमारवीं और आस-पास के क्षेत्रों के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।