हमीरपुर,
सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा सुजानपुर में आयोजित सेना दिवस कार्यक्रम ने एक ऐतिहासिक रूप ले लिया, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों और समाज के विभिन्न वर्गों के हजारों लोगों ने भाग लिया। ट्रस्ट के संस्थापक और पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने इस कार्यक्रम को यादगार बनाने में सहयोग देने वाले सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
आज यहां जारी एक बयान में राजेंद्र राणा ने कहा कि पूर्व सैनिक हमारे देश की आन, बान और शान हैं। उनका बलिदान और समर्पण ही इस देश की सुरक्षा और गौरव का आधार है। उन्होंने इस आयोजन में बढ़ चढ़कर भाग लेने के लिए सभी पूर्व सैनिकों और पूर्व वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि यह दिन केवल एक कार्यक्रम मात्र नहीं था बल्कि राष्ट्र के प्रति उनकी सेवाओं को सलाम करने का अवसर भी था।
राजेंद्र राणा ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा हर साल सेना दिवस का आयोजन किया जाता है और इस बार हजारों लोगों ने कार्यक्रम में शामिल होकर इस ऐतिहासिक बना दिया।
उन्होंने पूरे जोश और उत्साह के साथ मार्च पास्ट में शामिल पूर्व सैनिकों की टुकड़ियों का विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि उनका अनुशासन और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।
राणा ने आयोजन समिति के सदस्यों और समाज के हर वर्ग के लोगों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सभी के सामूहिक प्रयास का परिणाम है और इसकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि समाज में पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान का भाव गहरा है।

कार्यक्रम में देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कई गतिविधियां हुईं, जिसमें पूर्व सैनिकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके परिवारों को भी इस आयोजन में शामिल कर उनकी सेवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। साथ ही, वक्ताओं ने पूर्व सैनिकों के योगदान पर अपने विचार साझा करते हुए उनके बलिदान को सराहा।
राजेंद्र राणा ने कहा कि ऐसे आयोजन भविष्य में भी होते रहेंगे ताकि सैनिकों और उनके परिवारों को सम्मानित किया जा सके। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य पीड़ित मानवता की सेवा और सामाजिक कार्यों को जारी रखने के साथ-साथ पूर्व सैनिकों की जरूरतों और उनके कल्याण के लिए हर संभव प्रयास करना है और ट्रस्ट इसके लिए हर पल समर्पित रहेगा।
Author: Himachal Samvaad











