राजेंद्र राणा और आशीष शर्मा को हजम नहीं हो रहा है हमीरपुर का विकास: निशांत शर्मा

हमीरपुर, ।

हमीरपुर कांग्रेस के मीडिया प्रभारी निशांत शर्मा ने हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा और सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा द्वारा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के विरुद्ध आए दिन की जा रही आधारहीन बयानबाजी का कड़ा संज्ञान लेते हुए आशीष शर्मा और राजेंद्र राणा पर करारा पलटवार किया है।
निशांत शर्मा ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू हमीरपुर के विकास के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं, लेकिन आशीष शर्मा और राजेंद्र राणा जैसे अवसरवादी नेताओं को यह हजम नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि राजेंद्र राणा ने हमेशा अपनी कुर्सी के लिए ही राजनीति की है। वह कभी कांग्रेस के, कभी भाजपा और कभी निर्दलीय बन जाते हैं। जिस व्यक्ति का कोई सिद्धांत ही नहीं है, वह आज मुख्यमंत्री पर बेबुनियाद आरोप लगा रहा है। आशीष शर्मा भी राजेंद्र राणा के पद चिह्नों पर चल रहे हैं, लेकिन हमीरपुर की जनता सब जानती है। आशीष शर्मा को जनता ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जितवाकर विधानसभा में भेजा था, लेकिन कुछ समय बाद ही वह भाजपा की गोद में जाकर बैठ गए और अब मुख्यमंत्री पर ऐसे आरोप लगा रहे हैं, जिनका कोई आधार ही नहीं है।
निशांत शर्मा ने कहा कि आशीष शर्मा मुख्यमंत्री पर झूठे आरोप लगाकर सुर्खियों में आने की कोशिश न करें और अपने विधानसभा क्षेत्र पर ध्यान दें। निशांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार मजबूती के साथ काम कर रही है और जनता का विश्वास खो चुके राजेंद्र राणा तथा आशीष शर्मा जैसे नेताओं के बयानों से सरकार पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। इन्हीं नेताओं ने प्रदेश सरकार को गिराने के लिए ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाया था, लेकिन इनका षडयंत्र कामयाब नहीं हो सका और प्रदेश की जनता ने ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को दोबारा भरपूर समर्थन देकर कांग्रेस के विधायकों की संख्या दोबारा 40 तक पहुंचा दी।
निशांत शर्मा ने कहा कि आशीष शर्मा और राजेंद्र राणा सत्ता में आने के मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं तथा जिला हमीरपुर के अधिकारियों,कर्मचारियों को खुलेआम धमका रहे हैं, लेकिन सत्ता में आने के सपने उनके कभी साकार नहीं होंगे। आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी जिला हमीरपुर की पांचों विधानसभा सीटें जीतकर दोबारा सत्ता पर काबिज होगी और हमीरपुर को एक बार फिर मुख्यमंत्री का पद मिलेगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।