राजस्व अधिकारी-कर्मचारी भी रहें अलर्ट, नुक्सान की रिपोर्ट तुरंत प्रेषित करें: डीसी

हमीरपुर ।

उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान केन्द्र, शिमला द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में भारी वर्षा, तेज हवाएं, एवं बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इस चेतावनी के मध्यनजर ज़िला के सभी नागरिकों से आग्रह किया जाता है कि वे नदी नालों के आस पास न जाएं, क्योंकि बरसात में अचानक जल स्तर बढने का खतरा रहता है। भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों पर जाने से बचें और किसी प्रकार का जोखिम न उठाएं। उपायुक्त ने कहा कि भारी बारिश की स्थिति में अत्यधिक जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। पेड़ों के नीचे आश्रय न लें तथा बिजली की तारों से दूरी बनाये रखें।
उपायुक्त ने सभी एसडीएम, तहसीलदारों और पटवारियों को अपने कार्य क्षेत्र न छोड़ने तथा नुक्सान की रिपोर्ट तुरंत प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी पंचायत जनप्रतिनिधियों और गैर सरकारी संगठनों से अपील की है कि वे आम लोगों को अलर्ट करें, ताकि जिला में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।