रक्तदान से बढ़कर कोई महादान नहीं : हिम अकादमी में उमड़ा सेवा का जज़्बा

दुगनेहड़ा,

हिम अकादमी पब्लिक स्कूल दुगनेहड़ा में आज मानवता और सामाजिक सेवा की भावना को समर्पित रक्तदान शिविर
का आयोजन किया गया। शिविर में हिम अकादमी पब्लिक स्कूल के तीनों कैंपस के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों
ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), हमीरपुर श्री सतीश कुमार उपस्थित रहे। उनके साथ
चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने रक्तदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न करवाया तथा रक्तदाताओं को
आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन भी दिया।
शिविर में विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने
रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस पुनीत कार्य के लिए उनकी सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने संदेश दिया कि “रक्त की एक बूंद किसी के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगा
सकती है।” रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का
परिचायक है।
विद्यालय के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि “रक्तदान महादान
है—यह ऐसा दान है, जिसमें देने वाला किसी अनजान व्यक्ति को जीवन का उपहार देता है।”
शिविर के सफल आयोजन पर विद्यालय प्रबंधन ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों एवं सहयोगी टीम का आभार व्यक्त
किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।