यशपाल जयंती पर 3 दिसंबर को हमीरपुर कालेज में होगा राज्य स्तरीय समारोह

हमीरपुर ।

भाषा एवं संस्कृति विभाग नियमित रूप से प्रदेश की महान विभूतियों की जयंती मनाता आ रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को इन महान विभूतियों के आदर्शों और उनके द्वारा किए गए कार्यों का स्मरण रहे तथा वे इनका अनुसरण कर सकें। इसी कड़ी में विभाग 3 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के क्रांतिकारी एवं साहित्यकार यशपाल की जयंती के उपलक्ष्य पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के सभागार में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित करने जा रहा है।
जिला भाषा अधिकारी निक्कू राम ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम सत्र में प्रातः 11 बजे लेखक गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर चमन लाल अपना शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे, जिसका विषय ‘यशपाल के जीवन में क्रांति और साहित्य का सामंजस्य’ है। इसके बाद प्रदेश भर से आए साहित्यकार इस शोधपत्र पर चर्चा करेंगे। दूसरे सत्र में रूपी सिराज कला मंच, कुल्लू द्वारा यशपाल की कहानियों पर आधारित नाटक का मंचन किया जाएगा।
जिला भाषा अधिकारी ने बताया कि बहुमुखी प्रतिभा के धनी यशपाल कहानीकार के साथ-साथ उपन्यासकार भी थे। उनकी कहानियों और उपन्यासों के अनुवाद मराठी, गुजराती, तेलगु, मलयालम, अंग्रेजी, रूसी और फ्रेंच भाषाओं में भी प्रकाशित हुए हैं। इनके 50 से अधिक कहानी संग्रह, उपन्यास, लेख संग्रह, नाटक व जेल संस्मरण प्रकाशित हुए हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।