मॉक एक्सरसाइज के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार करें प्रबंध : डीसी

हमीरपुर.
भूकंप जैसी आपदा से सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के अभ्यास के लिए 6 जून को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के तकनीकी सहयोग से आयोजित की जाने वाली नौंवी प्रदेशव्यापी मैगा मॉक एक्सरसाइज की रूपरेखा तय करने हेतु मंगलवार को टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई।
कई घंटों तक चली इस टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान एनडीएमए के सीनियर कंसल्टेंट मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) सुधीर बहल और एसडीएमए के निदेशक एवं विशेष सचिव डीसी राणा ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर सभी जिलों के अधिकारियों को मॉक एक्सरसाइज के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। टेबल टॉप एक्सरसाइज के बाद जिला के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सुनियोजित एवं प्रभावी आपदा प्रबंधन के लिए विकसित इंसिडेंस रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) के तहत निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार ही मॉक एक्सरसाइज के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करें।
उन्होंने कहा कि इस बार की मॉक एक्सरसाइज के दौरान भूकंप जैसी भीषण आपदा और इससे उत्पन्न अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा। इसमें बचाव कार्यों के साथ-साथ राहत एवं पुनर्वास कार्य भी शामिल हैं। उपायुक्त ने कहा कि टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान मॉक एक्सरसाइज की रूपरेखा पर व्यापक चर्चा की गई है। सभी अधिकारी टेबल टॉप एक्सरसाइज में दिए गए दिशा-निर्देशों की अनुपालना करते हुए मॉक एक्सरसाइज को प्रभावी ढंग से अंजाम दें।
इस अवसर पर एसपी भगत सिंह ठाकुर, एडीसी अभिषेक गर्ग, सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, होमगार्ड की दसवीं वाहिनी के कमांडेंट विनय कुमार और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।