मैगा वॉकथॉन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करंे संबंधित अधिकारी: अमरजीत सिंह

हमीरपुर ।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ किए गए चिट्टा विरोधी अभियान के तहत हमीरपुर में 16 दिसंबर को आयोजित किए जाने वाले मैगा वॉकथॉन में अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि इस अभियान को एक जन आंदोलन का रूप दिया जा सके और जिला को चिट्टा मुक्त बनाया जा सके।

वीरवार को यहां हमीर भवन में मैगा वॉकथॉन की तैयारियों के संबंध में जिला के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने ये निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं इस मैगा वॉकथॉन की अगुवाई करेंगे और इसमें हजारों लोग भाग लेकर जिला को चिट्टा मुक्त बनाने का संकल्प लेंगे। उपायुक्त ने बताया कि यह मैगा वॉकथॉन ब्वायज स्कूल के मैदान से शुरू होकर, नादौन चौक, गांधी चौक, मुख्य बाजार, अस्पताल चौक और बस स्टैंड से वापस स्कूल मैदान में समाप्त होगी। उन्होंने आयोजन स्थल और मैगा वॉकथॉन के रूट पर सभी आवश्यक प्रबंधों को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।

उपायुक्त ने कहा कि इस आयोजन में स्कूली विद्यार्थियों सहित हजारों लोग भाग लेंगे। इसलिए, स्कूल ग्राउंड के सभी गेटों पर पानी की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। स्कूल और खेल परिसर के शौचालयों में सफाई रहनी चाहिए। आयोजन स्थल पर सभी मरम्मत कार्य अतिशीघ्र पूरे होने चाहिए। ग्राउंड और पूरे रूट से कूड़े को उठाने के लिए नगर निगम आवश्यक प्रबंध करे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आयोजन स्थल के लिए लेआउट प्लान के साथ-साथ ट्रैफिक एवं पार्किंग, पेयजल एवं रिफ्रेशमेंट वितरण के लिए भी एक समग्र प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि इस बड़े आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक ढंग से संपन्न करवाया जा सके। उपायुक्त ने विद्यार्थियों की आवाजाही, चिकित्सा सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसपी बलवीर सिंह ने मैगा वॉकथॉन रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिमला और धर्मशाला के बाद यह तीसरा बड़ा आयोजन होगा। इसमें भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियांे और अन्य लोगों के लिए पुलिस की ओर से विशेष व्यवस्था की जाएगी। पुलिस का प्रसिद्ध आर्केस्ट्रा ‘हॉरमनी ऑफ पाइन्स’ और ब्रास बैंड शानदार प्रस्तुतियों से प्रतिभागियों का उत्साहवर्द्धन एवं भरपूर मनोरंजन करेगा।
बैठक में एडीसी अभिषेक गर्ग, एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह, एसडीएम भोरंज शशिपाल शर्मा, एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा, एसी टू डीसी चिराग शर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
-0–0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।