मेडिकल कालेज की एंटी रैगिंग कमेटी ने की आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा

हमीरपुर ।

डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज हमीरपुर की एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक सोमवार को कालेज के सम्मेलन हॉल में आयोजित की गई। प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कमेटी के सदस्यों ने कालेज परिसर, हॉस्टलों और पीजी के आसपास किसी भी तरह की रैगिंग को रोकने के लिए आवश्यक प्रबंधों पर व्यापक चर्चा की।
डॉ. रमेश भारती ने कहा कि कालेज में नए बैच की एडमिशन के मद्देनजर इन प्रबंधों में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन सभी परिसरों में सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू हालत में रहने चाहिए तथा रैगिंग रोधी नियमों से संबंधित बोर्ड एवं हेल्पलाइन नंबर भी प्रदर्शित किए जाने चाहिए। प्रधानाचार्य ने पुलिस अधिकारियों से भी यहां नियमित रूप से गश्त का आग्रह किया।
उन्होंने कालेज के सभी विभागाध्यक्षों, चीफ वार्डन और अन्य सभी वार्डनों को भी अलर्ट रहने तथा नियमित रूप निरीक्षण के निर्देश दिए। प्रधानाचार्य ने कहा कि हॉस्टलों में खाने और अन्य सुविधाओं के लिए भी एक कमेटी का गठन किया जा रहा है, ताकि मेडिकल विद्यार्थियों को कोई असुविधा न हो। डॉ. रमेश भारती ने मेडिकल विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों से भी कहा कि वे रैगिंग को रोकने के लिए आगे आएं और अपने सहपाठियों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरुक करें।
बैठक में कालेज के विभिन्न विभागों के अध्यक्षों, हॉस्टल वार्डनों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, अन्य अधिकारियों, हॉस्टल एवं पीजी संचालकों तथा मेडिकल के विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।