हमीरपुर,
प्रदेश सरकार ने इस 15 माह के कार्यकाल में अपने महत्वकांक्षी और सफल निर्णयों की बदौलत सफलता की एक नई इबारत लिखी है। प्रदेश में सरकार बनते ही मुख्यमंत्री सुखबिंदर सिंह सुक्खू के अनाथ बच्चों को गोद लेकर सहारा देने के निर्णय ने समाजसेवा का एक उत्कृष्ट अध्याय लिखा है जिसकी चारों तरफ प्रशंशा हो रही है।यह बात हमीरपुर उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी डा. पुष्पेंद्र वर्मा ने विधानसभा क्षेत्र के मंडयानी, बहल, नाहलवीं और नारा में आयोजित नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कही।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगभग 4 हजार अनाथ बच्चों को 27 वर्ष की उमर तक हर माह 4 हजार रूपए देगी। इतना ही नहीं जब यह बच्चे 27 वर्ष की उमर पार करेंगे तो सरकार 3 लाख रुपए और 6 मरले जमीन भी देगी ताकि जीवन यापन सही ढंग से शुरू किया जा सके।
उन्होंने कहा कि यही निर्णय सरकार के सफल नेतृत्व को दर्शाते हैं। डा. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि बात चाहे ओपीएस की बात हो या फिर महिलाओं को 15सौ रूपए हर महीने देने की सरकार ने अपने हर वादे को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग शायद अभी तक हार के सदमे से ही नहीं उबर पाए हैं इसलिए हर समय अनाप शनाप बयानबाजी करते रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यहां से पूर्व निर्दलीय विधायक जनता को पहले यह बताएं कि उन्होंने इस्तीफा क्यों दिया था।

Author: Himachal Samvaad







