मुख्यमंत्री ने दिए मेडिकल कालेज, नगर निगम और बस स्टैंड जैसे बड़े प्रोजेक्ट : सुनील शर्मा बिट्टू

हमीरपुर।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शनिवार को यहां शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल ब्वायज सीनियर सेकंडरी स्कूल में छात्र-छात्राओं की जिला स्तरीय अंडर-19 एथलेटिक्स और छात्रों की सांस्कृतिक प्रतियोगिता का उदघाटन किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि प्रदेश में खेलों के ढांचागत विकास और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सराहनीय निर्णय लिए हैं। इससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर मिल रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय पैरा गेम्स में प्रदेश के खिलाड़ियों ने मैडल भी जीते हैं।
हमीरपुर के विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने शहर को नगर निगम, बस स्टैंड, मेडिकल कालेज, ब्वायज स्कूल के मैदान का जीर्णोद्धार और कई अन्य बड़े प्रोजेक्ट दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक हमीरपुरवासी के लिए गर्व की बात है कि मुख्यमंत्री हमारे जिला से संबंध रखते हैं और वह यहां विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक व्यवस्था में अध्यापक सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति होता है। इसलिए, शैक्षणिक व्यवस्था में निरंतर सुधार के लिए अध्यापकों के सुझाव काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। उन्होंने अध्यापकों से आग्रह किया कि वे किसी न किसी रूप में अपने बहुमूल्य सुझाव प्रदेश सरकार के साथ अवश्य साझा करें, ताकि प्रदेश के बच्चों को शिक्षा का बेहतरीन माहौल प्रदान किया जा सके।
इस अवसर पर ब्वायज स्कूल के प्रधानाचार्य मुश्ताक मुहम्मद और एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 34 स्कूलों के 167 एथलीट भाग ले रहे हैं। जबकि, छात्रों की सांस्कृतिक प्रतियोगिता में 14 स्कूलों के 144 छात्र भाग ले रहे हैं। इस मौके पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
उदघाटन समारोह में राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सुमन भारती, पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य एवं टीम प्रभारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।