मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार हो रही है हमीरपुर की कायाकल्प,अब एक नए ‘लुक’ में नजर आने लगा है हमीरपुर शहर

हमीरपुर ।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिले के मुख्यालय हमीरपुर शहर की कायाकल्प के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि खर्च की जा रही है। प्रदेश के सबसे छोटे, लेकिन बहुत ही महत्वपूर्ण जिले हमीरपुर का मुख्यालय अब नए ‘लुक’ में नजर आने लगा है।
इस शहर का दिल कहा जाने वाला गांधी चौक हो या टाउन हॉल के आस-पास का क्षेत्र। पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के साथ लगता पार्क हो या बस स्टैंड के आस-पास का क्षेत्र या फिर शहर के विभिन्न वार्डों के शौचालय। इन सभी स्थानों की कायाकल्प को देखकर सभी शहरवासी और बाहर से आने वाले लोग प्रदेश सरकार और स्थानीय नगर परिषद की खूब प्रशंसा कर रहे हैं।
शहर के बीचों-बीच स्थित गांधी चौक अब जीर्णोद्धार के बाद खूब चमक रहा है। यहां आम लोगों के लिए बैठने की भी अच्छी व्यवस्था की गई है। सुबह-शाम बाजार में चहलकदमी करने या दिन में बाजार में खरीददारी के लिए निकले लोगों को गांधी चौक पर कुछ देर आराम करने के लिए अच्छी जगह मिल गई है।
इसी प्रकार, ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने भी एक छोटा सा पार्क बनाया गया और वहां पर आम लोगों के लिए बैंच लगाए गए हैं। लोक निर्माण विभाग की कॉलोनी के पास भी सुंदर पार्क विकसित किया गया है। शहर के अन्य चौक-चौराहों का भी सौंदर्यीकरण किया जा रहा है और सेल्फी प्वाइंट बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार नगर परिषद ने शहर के विभिन्न वार्डों में अत्याधुनिक शौचालय बनाए हैं। हिमाचल प्रदेश में संभवतः पहली बार इस तरह के शौचालय बनाए गए हैं।
शहर के मुख्य सभागार टाउन हॉल के जीर्णोद्धार के लिए भी मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार एक बड़ी योजना बनाई गई है। मुख्य डाकघर के पास भोटा चौक की वर्षाशालिका को एक नया ‘लुक’ देने के लिए भी कार्य आरंभ कर दिया गया है।
इस समय अणु से लेकर दोसड़का तक नगर परिषद हमीरपुर के सभी 11 वार्डों में विकासात्मक एवं सौंदर्यीकरण के कार्य चले हुए हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन और अनुकंपा से आज हमीरपुर शहर चहुमुखी विकास की ओर अग्रसर हो रहा है।
उधर, जिला हमीरपुर के उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि हमीरपुर शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को तेजी से पूरा करवाया जा रहा है। इसके लिए नगर परिषद के अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अमरजीत सिंह ने बताया कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार हमीरपुर शहर में कई अन्य बड़े प्रोजेक्टों को भी क्रियान्वित किया जाएगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।