मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर वृद्ध आश्रम और बाल आश्रम में बांटे फल

हमीरपुर ।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के जन्मदिन पर बुधवार को हमीरपुर में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) के अध्यक्ष अजय शर्मा ने कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता नरेश ठाकुर, अन्य वरिष्ठ नेताओं राजेश आनंद, होशियार सिंह, सुनील कुमार, अश्वनी शर्मा, रमेश लॉर्ड और अन्य नेताओं के साथ बाल आश्रम सुजानपुर के बच्चों और हीरानगर स्थित वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों के साथ मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाया।
इस अवसर पर उन्होंने बाल आश्रम के बच्चों को स्टेशनरी का सामान, फल, चॉकलेट और अन्य उपहार प्रदान किए तथा मुख्यमंत्री के जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। उन्होंने हीरानगर स्थित वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों को भी फल और जूस बांटे।
अजय शर्मा ने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बेसहारा बच्चों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के रूप में बहुत बड़ा उपहार दिया है। इस योजना के माध्यम से मुख्यमंत्री ने बेसहारा बच्चों के लिए सभी प्रावधान करके उनके जीवन की सभी चिंताएं दूर कर दी हैं। अब वे भी आम परिवारों के बच्चों की तरह जिंदगी में आगे बढ़ सकेंगे। बेसहारा बुजुर्गों के लिए भी मुख्यमंत्री ने विशेष प्रावधान किए हैं।
अजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री की इस मानवीय सोच और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के कारण ही उन्हें प्रदेश की जनता का अपार स्नेह मिल रहा है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।