मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की मदद से सुषमा ने धूमधाम से की बेटी की शादी

हमीरपुर ।

बेटी के जवान होते ही गरीब मां-बाप को उसके विवाह की चिंता स्वाभाविक रूप से शुरू हो जाती है। शादी के लिए पैसे का इंतजाम कैसे होगा? कैसे वे अपनी बेटी को खुशी-खुशी विदा कर सकेंगे? इस तरह के सवाल अक्सर गरीब मां-बाप के मन में उठने लगते हैं और अगर लड़की के बाप की मौत हो जाए तो फिर बेटी की शादी की पूरी जिम्मेवारी मां पर ही आ जाती है। इस तरह की परिस्थितियों में लड़की की शादी के लिए सभी प्रबंध करना और भी मुश्किल हो जाता है।
ऐसे गरीब परिवारों के लिए मुख्यमंत्री कन्यादान योजना एक बड़ा सहारा साबित हो रही है। गरीब विधवा महिलाओं की बेटियों की शादी पर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 51 हजार रुपये की राशि दी जाती है। अगर बेटी का बाप गंभीर बीमारी के कारण असहाय है और बिस्तर तक ही सीमित है तो उस परिवार को भी इस योजना का लाभ मिल सकता है।
प्रदेश सरकार की इस सराहनीय योजना के बारे में जिला हमीरपुर के विकास खंड भोरंज के गांव कधरियाण की सुषमा देवी से बेहतर और कौन बता सकता है? सुषमा देवी भी इसी योजना की मदद से अपनी बेटी की शादी धूमधाम से कर पाई हैं।
अपने पति को खो चुकी सुषमा देवी के लिए अपनी बेटी के हाथ पीले करना आसान नहीं था। उसे अपनी बेटी की शादी के लिए पैसे की काफी चिंता हो रही थी। रिश्तेदारों की मदद पर ही उसकी उम्मीदें टिकी हुई थीं। लेकिन, इसी बीच सुषमा देवी को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की जानकारी मिली तो मानों उसकी तो चिंता ही दूर हो गई। उसने तुरंत अपनी बेटी की शादी तय कर दी और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन भी कर दिया।
गत अक्तूबर महीने में उसने धूमधाम से अपनी बेटी की शादी कर दी और उसे मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 51 हजार रुपये की राशि भी मिल गई।
इस प्रकार, सुषमा देवी के लिए यह योजना बहुत बड़ा सहारा साबित हुई है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।