महिलाओं को समान अवसर और अधिकार देने से विकसित होता है समाज’

हमीरपुर ,
महिला एवं बाल विकास विभाग ने वीरवार को मटटनसिद्ध, कंजयाण और लंबलू में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए मिशन शक्ति के तहत लैंगिक समानता पर आधारित विशेष क्षमता निर्माण एवं जागरुकता शिविर आयोजित किए।
इन शिविरों की अध्यक्षता करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि दुनिया की आधी आबादी महिलाओं की है और इन्हें समानता का अधिकार दिए बगैर किसी भी देश या समाज के सर्वांगीण विकास की कल्पना ही नहीं की जा सकती है। सशक्त महिला ही विकसित समाज का निर्माण कर सकती है।
इस अवसर पर जेंडर स्पेशलिस्ट वंदना ठाकुर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि लैंगिक समानता का मतलब है पुरुषों और महिलाओं के बीच समान अवसर और अधिकार। लेकिन, दुर्भाग्यवश अभी तक हमारा समाज इसे पूरी तरह से लागू नहीं कर पाया और कई महिलाओं को अभी भी उनके अधिकारों से अनजान एवं वंचित रखा जाता है। वंदना ठाकुर ने कहा कि महिलाएं केवल पेशेवर जीवन में ही नहीं, बल्कि घरेलू जिम्मेदारियों में भी महान होती हैं। वे घर के कामों से लेकर बच्चों की देखभाल तक हर जिम्मेदारी को कुशलता से निभाती हैं। यही कारण है कि वे मल्टीटास्किंग में निपुण होती हैं। कई कामकाजी महिलाएं पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन में बहुत ही अच्छा संतुलन बनाए रखती हैं। उन्होंने कहा कि आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में कई महिलाएं अपने सपनों को पूरा करने के अवसर से वंचित हैं। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से महिला सशक्तिकरण के लिए हरसंभव प्रयास करने की अपील की, ताकि एक ऐसे समाज का निर्माण हो सके, जहां हर महिला को अपने सपने साकार करने का पूरा अवसर मिले।
इन शिविरों के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।