महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हैं कई कानून : कुलदीप शर्मा

सुजानपुर ।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) के सहयोग से शनिवार को सुजानपुर में विधिक जागरुकता कार्यक्रम – ‘विधान से समाधान’ आयोजित किया। इसकी अध्यक्षता जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने की।
इस अवसर पर सुजानपुर खंड के प्रोटेक्शन ऑफिसरों, सुपरवाइजरों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और अन्य महिलाओं को संबोधित करते हुए कुलदीप शर्मा ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण अधिनियम बनाए गए हैं और इनमें कई कड़े प्रावधान किए गए हैं। इनमें ‘घरेलू हिंसा से महिलाओं की सुरक्षा अधिनियम 2005’ सबसे महत्वपूर्ण है। किसी भी तरह की अत्याचार की शिकार महिला की शिकायत दर्ज करने, उसे त्वरित राहत और आश्रय प्रदान करने जैसे सभी प्रावधान इसमें किए गए हैं। कुलदीप शर्मा ने इन सभी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने नालसा की मुफ्त कानूनी सहायता योजना, दहेज निषेध अधिनियम, यौन हिंसा और एसिड अटैक की शिकार महिलाओं की मदद तथा महिला कर्मचारियों के लिए समान वेतन से संबंधित अधिनियमों-नियमों से भी अवगत करवाया।
जाने-माने मनोविज्ञानी डॉ. अनुपम शर्मा और बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने भी महिलाओं के अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।  इस अवसर पर अधिवक्ता अमित शर्मा और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।