भोरंज में एसडीएम अगुवाई में चलाया स्वच्छता अभियान

भोरंज 29 अगस्त। एसडीएम शशिपाल शर्मा की अध्यक्षता में आज यहां मिनी सचिवालय कार्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर सचिवालय के प्रांगण तथा आसपास के क्षेत्रों की सफाई की।
एसडीएम ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से कार्य क्षमता में वृद्धि होती है और नागरिकों को भी बेहतर सेवाएं मिलती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक नागरिक को साफ-सुथरा माहौल मिले, यह सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है।
उन्होंने कहा कि मिनी सचिवालय का भवन काफी बड़ा है और इस तरह के बड़े भवनों के कई कोनों में लोगों की आवाजाही कम होने के कारण अक्सर कचरा इकट्ठा हो जाता है और बरसात में पानी भी जमा हो जाता है। कई बार घास भी उग जाती है, जिससे भवन की हालत खराब हो जाती है। इसे रोकने के लिए मिनी सचिवालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया और भविष्य में हर तीन महीने के बाद इस तरह का अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।
शुक्रवार को आयोजित किए गए अभियान के दौरान कार्यालय परिसर की सफाई के साथ-साथ कचरा निपटान, जल निकासी के स्थानों की सफाई तथा हरियाली को संरक्षित करने का भी संदेश दिया गया। कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से कार्यालय को स्वच्छ और व्यवस्थित रखेंगे तथा आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।