भोरंज में आंगनवाड़ी सहायिका के लिए आवेदन 25 फरवरी तक

भोरंज ।

बाल विकास परियोजना भोरंज के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र भोरंज-1 में आंगनवाड़ी सहायिका के खाली पद के लिए पात्र महिलाओं से 25 फरवरी तक बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय भोरंज में सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित सादे कागज पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस पद के लिए 26 फरवरी सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय भोरंज में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
सीडीपीओ सुनील कुमार ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि यानि 25 फरवरी तक 18 से 35 वर्ष तक आयु की बारहवीं पास और आंगनवाड़ी कंेद्र भोरंज-1 की अंतर्गत आने वाले क्षेत्र की स्थायी निवासी महिलाएं इस पद के लिए पात्र होंगी। अभ्यर्थी और उसका परिवार संबंधित आंगनवाडी केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए तथा उसके परिवार की समस्त स्रोतों से वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक न हो। आय प्रमाण पत्र तहसीलदार या नायब तहसीलदार अथवा कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी किया गया हो।
आवेदन पत्र के साथ आयु, शैक्षणिक योग्यता, परिवार की आय, दिव्यांगता, एससी-एसटी या ओबीसी से संबंधित दस्तावेज संलग्न करें। आंगनवाड़ी या बालवाड़ी में या नर्सरी अध्यापिका, सिलाई अध्यापिका और शिशु पालक के रूप में कार्य किया हो तो उसका अनुभव प्रमाण पत्र, विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता, निराश्रित, बालिका आश्रम की प्रवासिनी या ऐसी विवाहित महिला जिसका पति सात साल से लापता है और अधिकतम दो लड़कियों के परिवार से संबंधित महिलाएं सभी संबंधित आवश्यक दस्तावेज संलग्न करें।
भर्ती प्रक्रिया कुल 25 अंकों के आधार पर होगी। इसमें शैक्षणिक योग्यता के लिए अधिकतम 10 अंक, आंगनवाड़ी कर्मचारी, बाल सेविका, बालवाड़ी अध्यापिका, नर्सरी टीचर या उसी पंचायत में कार्यरत सिलाई अध्यापिका और शिशु पालक के रूप में अनुभव के लिए अधिकतम 3 अंक, 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता के लिए 2 अंक, एससी, एसटी या ओबीसी के 2 अंक, विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता, निराश्रित, बालिका आश्रम की प्रवासिनी या ऐसी विवाहित महिला जिसका पति सात साल से गुम हो, के लिए 3 अंक, केवल दो बेटियों तक सीमित परिवार से संबंध रखने वाली अविवाहित प्रत्याशी या केवल दो बेटियों की माता होने के लिए 2 अंक तथा साक्षात्कार के लिए 3 अंक निर्धारित किए गए हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।