भाषा एवं संस्कृति विभाग के कवि सम्मेलन में कवियों ने बांधा समां

हमीरपुर।

होली पखवाड़े के उपलक्ष्य पर भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग ने शनिवार को यहां हमीर भवन एक कवि सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें जिले भर के पच्चीस से अधिक कवियों की सहभागिता रही। इस अवसर पर जानी-मानी लोक गायिका मनसा पंडित मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता लालचंद ठाकुर ने की।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने अपनी रचनाएं पेश करके खूब वाहवाही लूटी। युवा शायर कार्तिक ने ‘माटी के माधव से आऊंगा समझदारों में एक दिन, रंग जो मेरे कुम्हार का एहसास लेगा’ गज़ल पेश की। अशोक सोनी ने रंग बरसे, रंग बरसे, भीगे गगरिया रंग बरसे, डॉ. पिंकी शर्मा ने पापा की परी और रजनी बाला ने पुलवामा शहीदों को अपनी कविता में याद किया।
युवा कवयित्री दिनाक्षी शर्मा की रचना ‘वीरों के वचन’, राकेश ठाकुर की कविता ‘मां से जुदाई’ और सुशील गौतम की ‘मैं कविता ढूंढ रही हूं’ को भी खूब सराहा गया। ज्योति प्रकाश ने ‘तुम यूं न पास से गुजर जाया करो’ और रतन चंद रत्नाकर ने ‘वही विध्वंस बहुत हो चुका है’ और पहाड़ी कवि मास्टर दिलीप सिंह ने ‘आज चिल्लू बड्ढना कि रवैरू’ कविता पेश करके खूब समां बांधा।
इससे पहले, जिला भाषा अधिकारी संतोष पटियाल ने सभी कवियों का स्वागत किया तथा कवि सम्मेलन में सहभागिता के लिए सबका धन्यवाद किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।