भारत–यूरोपीय संघ संसदीय मैत्री समूह के ग्रुप लीडर बने अनुराग सिंह ठाकुर; संसदीय कूटनीति को मिलेगी नई मजबूती

हमीरपुर
पूर्व केंद्रीय मंत्रिमंडल मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को ब्रसेल्स संसदीय मैत्री समूह में भारत–यूरोपीय संघ संसद समूह का ग्रुप लीडर नियुक्त किया गया है।

जिला मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए जानकारी दी कि यह नियुक्ति लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उस नई पहल के तहत की गई है, जिसके अंतर्गत 60 से अधिक देशों के साथ संसदीय मैत्री समूहों का गठन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य सांसदों को विश्व के विभिन्न देशों के अपने समकक्षों से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करना, विधायी अनुभवों का आदान-प्रदान करना तथा नियमित संवाद और सर्वोत्तम संसदीय प्रक्रियाओं के साझा माध्यम से संसदीय कूटनीति को सशक्त बनाना है।

भारत–यूरोपीय संघ संसदीय मैत्री तंत्र के माध्यम से यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के साथ भारत के संबंधों को और अधिक मजबूती मिलने की अपेक्षा है, जिससे वैश्विक महत्व के विषयों पर सहयोग को नई गति मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन सिंदूर के पश्चात मई 2025 में हुए अंतरराष्ट्रीय संपर्क अभियान के दौरान अनुराग सिंह ठाकुर, सुप्रिया सुले के नेतृत्व में गए बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कतर, साउथ अफ्रीका, इथियोपिया तथा मिस्र का दौरा कर आतंकवाद के विरुद्ध भारत की एकजुट और स्पष्ट नीति से अवगत कराया तथा वहां की संसदों, थिंक-टैंकों और भारतीय प्रवासी समुदाय से संवाद किया।

भारत–यूरोपीय संघ संसदीय मैत्री समूह के ग्रुप लीडर के रूप में उनकी नियुक्ति को भारत की संसदीय कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय सहभागिता में उनकी सक्रिय भूमिका की मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।