भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान झूठे आंकड़ों और राजनीतिक हताशा का पुलिंदा — जनता को गुमराह करने की कोशिश कामयाब नहीं होगी

hamirpur/

प्रदेश कांग्रेस मीडिया पैनलिस्ट विवेक कटोच ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल द्वारा हमीरपुर में कांग्रेस सरकार पर लगाए गए आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा अध्यक्ष बिंदल की पूरी प्रेसवार्ता तथ्यहीन आरोपों, आधे-अधूरे आंकड़ों और जनता को गुमराह करने की कोशिश से ज्यादा कुछ नहीं थी। बिंदल को अगर आंकड़ों की इतनी ही चिंता है तो पहले भाजपा सरकार के कार्यकाल का हिसाब प्रदेश की जनता के सामने रखें। वर्ष 2022 में सत्ता छोड़ते समय प्रदेश पर 77 हज़ार करोड़ रुपये का भारी कर्ज और हजारों करोड़ रुपये की देनदारियां छोड़ने वाली भाजपा आज वित्तीय अनुशासन का उपदेश दे रही है। कैग के आंकड़ों में भी मार्च 2022 तक राज्य की देनदारियों में भारी बढ़ोतरी दर्ज हुई थी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार को विरासत में मिली आर्थिक चुनौतियों के बावजूद सरकार ने विकास का पहिया रुकने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में लिए गए आर्थिक फैसलों का बोझ आज प्रदेश को उठाना पड़ रहा है और अब वही भाजपा नेता अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा सरकार पर ₹1,000 करोड़ प्रचार पर खर्च करने का आरोप लगाया गया है। यदि भाजपा अध्यक्ष के पास इस दावे का कोई आधिकारिक दस्तावेज, वित्त विभाग का रिकॉर्ड या प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक करें। उन्होंने कहा, “भाजपा अध्यक्ष का हवा में आंकड़ा उछाल देना झूठी और बदनाम करने की राजनीति है।” सरकारी प्रचार का उद्देश्य जनता को हिमकेयर, स्वास्थ्य योजनाओं, प्राकृतिक आपदा राहत और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। सरकार का मीडिया एवं प्रचार व्यय वित्तीय नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत होता है। इसलिए सरकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने को भाजपा द्वारा राजनीतिक प्रचार बताना अपने आप में उनकी राजनीतिक सोच को दर्शाता है।

कांग्रेस नेता विवेक कटोच ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी संवेदनशील व्यवस्था पर भी भाजपा नेताओं द्वारा राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हिमकेयर और आयुष्मान भारत के पात्र लाभार्थियों को इलाज की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है और अस्पतालों की बकाया देनदारियों के निपटारे के लिए सरकार चरणबद्ध तरीके से धन जारी कर रही है ।उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास किसी अस्पताल, मरीज या लाभार्थी से संबंधित कोई वास्तविक तथ्य है तो उसे दस्तावेजों के साथ सामने रखें। सिर्फ प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाने से जनता का इलाज नहीं होता और न ही झूठे आंकड़ों से सच्चाई बदलती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि हिमाचल की जनता अब केवल भाषण और आरोपों की राजनीति से प्रभावित होने वाली नहीं है। जनता यह देख रही है कि कौन सरकार में रहकर काम कर रहा है और कौन विपक्ष में बैठकर केवल बयानबाजी कर रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा की बौखलाहट साफ दिखाई दे रही है। जब विकास के मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए ठोस तथ्य नहीं मिलते तो पुराने आरोपों को नए पैकेज में पेश करके जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार का ध्यान प्रदेश के संतुलित विकास, कर्मचारियों-पेंशनरों के हितों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आपदा प्रभावित लोगों की मदद और आम जनता को बेहतर सुविधाएं देने पर है।

विवेक कटोच ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को सलाह दी कि वे रोज-रोज नए आरोप लगाने के बजाय अपनी सरकार के कार्यकाल की वित्तीय स्थिति और छोड़ी गई देनदारियों का पूरा हिसाब जनता के सामने रखें। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार आरोपों से नहीं, अपने काम और जनहित की नीतियों से जनता के बीच खड़ी है और भाजपा की बयानबाजी से सरकार की विकास यात्रा रुकने वाली नहीं है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।