भाजपा ओबीसी मोर्चा ने हमीरपुर में जिला स्तरीय परिचायक बैठक आयोजित की

हमीरपुर,
भाजपा ओबीसी मोर्चा हमीरपुर की जिला कार्यकारिणी ने आज बस स्टैंड के पास स्थित भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय परिचायक बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने की। इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राम लोक धनोटिया, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष संजय चौधरी, ओबीसी मोर्चा मार्गदर्शक सेवानिवृत्त प्रिंसिपल विजय चौधरी, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष एवं ओबीसी मोर्चा पदाधिकारी चंदू लाल चौधरी, तथा जिला भाजपा महामंत्री अजय रिंटू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि ओबीसी वर्ग भारतीय समाज की एक सशक्त और निर्णायक शक्ति है, जिसने हमेशा राष्ट्र निर्माण और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन में ओबीसी मोर्चा लगातार सामाजिक समरसता, संगठन विस्तार एवं जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है।

ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राम लोक धनोटिया ने अपने संबोधन में कहा कि ओबीसी समाज के राजनीतिक सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक उन्नति के लिए भाजपा सरकार ने समय-समय पर अनेक कल्याणकारी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से ओबीसी मोर्चा समाज की भागीदारी को और अधिक व्यापक बनाने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक के उपरान्त, भाजपा जिला सोशल मीडिया की टीम ने प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक सुशील राठौर और जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर से चर्चा कर जिला स्तर पर अपनी कार्यकारिणी में नियुक्तियों की घोषणा की।

जिला भाजपा सोशल मीडिया टीम ने ध्यान सिंह मुसाफ़िर को वरिष्ठ सह-सोशल मीडिया संयोजक, तथा दिक्षित गौतम को जिला भाजपा का सह-सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया। इसी क्रम में दिनेश ठाकुर और अशोक शर्मा को भी जिला भाजपा के सह-सोशल मीडिया संयोजक के रूप में नियुक्ति दी गई है।

सोशल मीडिया टीम ने जिलेभर से 15 कार्यकारिणी सदस्यों की भी घोषणा की, जो संगठनात्मक गतिविधियों को मज़बूती देने तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भाजपा के जनसंपर्क अभियान को गति प्रदान करेंगे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।