भरनांग में आरसेटी के शिविर में महिलाएं सीखेंगी आधुनिक डेयरी फार्मिंग

हमीरपुर ।

पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर के सौजन्य से वीरवार को हमीरपुर के निकटवर्ती गांव भरनांग में स्थानीय महिलाओं के लिए दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आरंभ हुआ। इस शिविर में महिलाओं को डेयरी फार्मिंग का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। संस्थान के निदेशक अजय कुमार कतना ने शिविर का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर प्रतिभागी महिलाओं का मार्गदर्शन करते हुए निदेशक ने महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमशीलता के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाएं अपने दैनिक कार्यों के साथ-साथ घर में ही स्वरोजगार के माध्यम से आय के अन्य वैकल्पिक अवसर तलाश सकती हैं। वे बैंकों की ऋण योजनाओं तथा विभिन्न विभागों की सब्सिडी योजनाओं की मदद से अपना उद्यम भी स्थापित कर सकती हैं।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, ग्राम पंचायत प्रधान विमला देवी, आरसेटी के फैकल्टी मैंबर विनय चौहान और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।