भटेड़ की महिलाओं को मशरूम की खेती सिखाएगा आरसेटी

हमीरपुर ।

पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को तहसील टौणीदेवी की ग्राम पंचायत भटेड़ के गांव भटेड़ में मशरूम की खेती का प्रशिक्षण शिविर आरंभ हुआ। संस्थान के निदेशक अजय कतना ने इसका शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं को अपना उद्यम स्थापित करने और बैंकों की ऋण योजनाओं के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। शिविर के शुभारंभ अवसर पर हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक की उहल शाखा के प्रबंधक निशांत वर्मा, आरसेटी के फैकल्टी मैंबर विनय चौहान और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।