बैंक-सखियों ने सीखे बैंकिंग और अन्य योजनाओं के गुर

हमीरपुर।

आम लोगों को बैंकिंग प्रक्रियाओं और योजनाओं की जानकारी प्रदान करने तथा उन्हें इन योजनाओं से लाभान्वित करने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करने वाली बैंक-सखियों के लिए पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर में आयोजित छह दिवसीय प्रशिक्षण शिविर वीरवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में 31 बैंक-सखियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के बाद इन्होंने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग (आईआईबीएफ) द्वारा आयोजित ऑनलाइन परीक्षा भी पास कर ली।
शिविर के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने बैंक-सखियों से आम लोगों को वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरुक करने और विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।