बेरोजगारों के लिए रोजगार मेला रद्द, कांग्रेस नेता राजीव राणा का सरकार के खिलाफ बड़ा आरोप!

हमीरपुर

: असंगठित कामगार व कर्मचारी कांग्रेस के तत्वावधान में आयोजित होने वाले रोजगार मेले को अचानक रद्द कर दिए जाने पर संगठन के अध्यक्ष व कांग्रेस नेता राजीव राणा ने अपनी ही सरकार के भीतर मौजूद कुछ नेताओं पर निशाना साधा है। राणा ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर इस मेले को आयोजित करने की अनुमति नहीं दी, जबकि इसके पीछे कुछ नेताओं की “छुपी हुई राजनीति” काम कर रही है।

“कौन नहीं चाहता बेरोजगारों को रोजगार?”
राजीव राणा ने कहा, “मैं उन नेताओं की शिकायत मुख्यमंत्री और कांग्रेस हाईकमान से करूँगा, जो नहीं चाहते कि कोई और कांग्रेसी नेता राजनीति में आगे बढ़े। क्या ऐसे नेताओं को बेरोजगार युवाओं की चिंता नहीं है?” उन्होंने आगे कहा कि इस मेले में मैनकाइंड, जीलेट, हैवेल्स जैसी दर्जनों बड़ी कंपनियाँ शामिल होने वाली थीं, जो 2000 से 2500 युवाओं को रोजगार दे सकती थीं।

“सत्ता का नशा उतरेगा, युवाओं को निराश नहीं होना चाहिए”
राणा ने सत्ता में बैठे नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा, “जिन्हें नई सत्ता मिली है, वे भूल न जाएँ कि कल को उन्हें भी जनता के बीच आना होगा।” साथ ही, उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपना बायोडाटा उनकी ईमेल आईडी पर भेज सकते हैं और उनका संगठन उन्हें रोजगार दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।