बेटियों को आगे बढ़ने के लिए मिलें पर्याप्त अवसर : कैप्टन रणजीत सिंह

हमीरपुर ।

सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा है कि शिक्षित, प्रगतिशील एवं आत्मनिर्भर बेटियां ही सशक्त एवं समृद्ध राष्ट्र का आधार हैं। इनकी प्रगति और सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त करना तथा उनकी उपलब्धियों का जश्न मनाना हम सबका दायित्व है। कैप्टन रणजीत सिंह शनिवार को टौणी देवी मंदिर परिसर में विकास खंड बमसन की 21 पंचायतों की मेधावी बेटियों के लिए आयोजित सम्मान एवं प्रेरक संवाद समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं एवं मेधावी बेटियों को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन सीडीपीओ कार्यालय टौणी देवी द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत किया गया।
कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि बेटियां सुखद भविष्य की संभावनाएं और मंगलकामनाएं हैं। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना का उद्देश्य बेटियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए बिना किसी भेदभाव के समान अवसर प्रदान करना तथा उन्हें सम्मान देना है। उन्होंने चैंपियन बेटियों से बाल विवाह, बाल मजदूरी इत्यादि सामाजिक कुरीतियों को जड़ से मिटाने तथा समाज के उपेक्षित वर्गों की पहुंच विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तक सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का आह्वान भी किया। उन्होंने क्षेत्र की 65 चैंपियन बेटियों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र, शॉल, प्रेरक पुस्तकें एवं नाम पट्टिका देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष के लिए 25 हजार रुपये का चेक विधायक को सौंपा।
इस अवसर पर सीडीपीओ एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि, सभी मेधावी बेटियों और उनके अभिभावकों का स्वागत किया तथा विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों को प्रेरित कर उनकी क्षमताओं, सृजनात्मक कौशल, ज्ञान और अनुभवों को सांझा करने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने उपस्थित जन समुदाय से ऐसे बच्चों, विशेषकर बेटियों को गोद लेने का आह्वान किया जिनके सिर पर माता-पिता का साया न हो या जिनके अभिभावकों के पास सीमित साधन हों। बीडीओ वैशाली शर्मा ने बेटियों को चुनौतियों को स्वीकारने, ग्रामीण विकास में सलाहकार, सहभागी और नवप्रयोगों की प्रणेता बनकर समाज निर्माण में भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष बबली देवी, ग्राम पंचायत टपरे के प्रधान दीवान चंद और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।