बेटा-बेटी में भेदभाव न करने की शपथ ली, जागरुकता रैली निकाली

हमीरपुर ।

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के 10 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर बुधवार को एडीएम एवं कार्यवाहक उपायुक्त राहुल चौहान ने उपायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में अधिकारियों-कर्मचारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली विद्यार्थियों और अन्य लोगों को बेटा-बेटी में भेदभाव न करने, बेटियों का सही ढंग से पालन-पोषण करने, गर्भधारण से लेकर जन्म तक हर बेटी को सुरक्षित रखने तथा लिंगानुपात में सुधार के लिए अपना योगदान देने की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि जिला हमीरपुर में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के काफी अच्छे परिणाम सामने आए हैं। लगभग एक दशक दौरान जिला का शिशु लिंगानुपात 876 से बढ़कर 950 तक पहुंच गया है।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान और कई अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
शपथ दिलाने के बाद कार्यवाहक उपायुक्त ने एक जागरुकता रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली हमीरपुर शहर के मुख्य बाजार से भोटा चौक तक और वापस टाउन हॉल में संपन्न हुई। इस रैली में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्कूली छात्राओं ने पोस्टरों, बैनरों और नारों से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।