बागवानी और खाद्य प्रसंस्करण से भी अपनी आय बढ़ा सकती हैं महिलाएं

हमीरपुर ।

मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर में महिलाओं के लिए आयोजित टेलरिंग प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार को संपन्न हो गया। इसमें 32 महिलाओं ने कटिंग-टेलरिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर के समापन अवसर पर उद्यान विभाग के उपनिदेशक राजेश्वर परमार ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
इस अवसर पर प्रतिभागी महिलाओं का मार्गदर्शन करते हुए राजेश्वर परमार ने कहा कि महिलाएं अपने दैनिक कार्यों के साथ-साथ कटिंग-टेलरिंग और अन्य गतिविधियों के माध्यम से घर में ही अच्छी आय अर्जित कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि बागवानी और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में ग्रामीण महिलाओं के लिए काफी अच्छी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि फल-सब्जी का उत्पादन और इनका प्रसंस्करण करके महिलाएं अपनी आय बढ़ा सकती हैं। शिविर के आयोजन के लिए आरसेटी की सराहना करते हुए राजेश्वर परमार ने कहा कि महिलाओं को इस तरह के निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों का सीधा लाभ पहुंच रहा है।
इससे पहले, आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। शिविर के समापन अवसर पर वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी और संस्थान के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।