बहुतकनीकी कालेज में बताया मासिक धर्म स्वच्छता का महत्व

हमीरपुर ।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने बुधवार को बड़ू के बहुतकनीकी कालेज में मासिक धर्म स्वच्छता पर एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर कमल मनकोटिया ने विद्यार्थियों को मासिक धर्म के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म के दौरान किशोरियों और महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए बताया कि सेनिटरी पैड के सही निपटान के लिए विभाग ने बहुतकनीकी कालेज में भी एक इंसीनरेटर स्थापित किया है। पैड को जहां-तहां फैंकने के बजाय इंसीनरेटर मंे डालकर नष्ट किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर जेंडर स्पेशलिस्ट निशा देवी ने विद्यार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। जेंडर स्पेशलिस्ट वंदना ने डॉ. कमल मनकोटिया और अन्य अधिकारियों का धन्यवाद किया।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।