बस स्टैंड के बाद हमीरपुर को नगर निगम के रूप में मिली बड़ी सौगात : अजय शर्मा

हमीरपुर ।

कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) हमीरपुर के अध्यक्ष अजय शर्मा ने नगर परिषद हमीरपुर को नगर निगम बनाने के प्रदेश सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का ऐतिहासिक कदम बताया है।
अजय शर्मा ने कहा कि अंतर्राज्यीय बस स्टैंड के बाद मुख्यमंत्री ने हमीरपुर शहर के लिए नगर निगम के रूप में एक और बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाले अंतर्राज्यीय बस स्टैंड का कार्य तेजी से जारी है। यह हिमाचल का सबसे बड़ा बस स्टैंड होगा। मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के लिए भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड का कार्यालय भी मंजूर किया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री हमीरपुर में प्रदेश एवं जोनल स्तर के तीन बड़े कार्यालय खुलवा चुके हैं।
अजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री समाज के अंतिम व्यक्ति तक के कल्याण एवं उत्थान के लिए कई सराहनीय योजनाएं आरंभ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से तैयार गेहूं और मक्की की फसलों के लिए अलग से न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करके मुख्यमंत्री ने एक बहुत ही सराहनीय पहल की है। उन्होंने प्राकृतिक विधि से तैयार गेहूं के लिए 40 रुपये और मक्की के लिए 30 रुपये प्रति किलोग्राम दाम निर्धारित किया है जोकि आम न्यूनतम समर्थन मूल्य से काफी ज्यादा है। इसी प्रकार, गाय और भैंस के दूध के लिए भी उच्च दाम निर्धारित किए गए हैं। अजय शर्मा ने कहा कि किसानों-बागवानों और पशुपालकों के हित में इस तरह के निर्णय लेने वाला हिमाचल भारत का पहला राज्य बन गया है।
अजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के इन सराहनीय निर्णयों के परिणामस्वरूप अब लोग कृषि, बागवानी और पशुपालन के लिए प्रेरित हो रहे हैं तथा इन पारंपरिक व्यवसायों से अपनी आय बढ़ाने की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।