बरसात में खाद्यान्नों की गुणवत्ता का रखें विशेष ध्यान: अमरजीत सिंह

डीसी ने सभी आटा मीलों, खाद्य आपूर्ति विभाग और निगम को दिए निर्देश
आटा, चावल और अन्य खाद्य वस्तुआंे को नमी से बचाने के लिए करें पुख्ता प्रबंध

हमीरपुर ।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने जिला की सभी आटा मीलों, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों को बरसात के मौसम में खाद्यान्नों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा इन्हें नमी से बचाने के लिए पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त ने जिला में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की गेहूं की पिसाई के लिए अधिकृत सभी 9 आटा मीलों में आटे को नमी से सुरक्षित रखने तथा इसके भंडारण के लिए निर्धारित मानदंडों के अनुसार प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त ने हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम को भी निर्देश दिए कि निगम के सभी 8 थोक गोदामों में नमी संवेदनशील खाद्य वस्तुओं जैसे कि गेहूं आटा, चीनी और नमक को नमी से सुरक्षित रखने हेतु गोदामों के आस-पास पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए।
अमरजीत सिंह ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि नमी से युक्त खाद्यान्नों का स्टॉक किसी भी सूरत में प्राप्त नहीं किया जाए और इस तरह का स्टॉक उचित मूल्य की दुकानों को भी न जारी किया जाए।
उन्होंने जिला की सभी 310 उचित मूल्य की दुकानों के विक्रेताओं को भी निर्देश दिए हैं कि वे आटा, चीनी और नमक जैसी संवेदनशील खाद्य वस्तुओं को नमी से सुरक्षित रखने के लिए समुचित प्रबंध करें और किसी भी राशन कार्डधारक को नमी से प्रभावित खाद्य वस्तुओं का वितरण न करें। उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी तरह की शिकायत आने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों को आटा मीलों, थोक गोदामों और उचित मूल्य की दुकानों का नियमित रूप से निरीक्षण करने तथा खाद्य वस्तुुओं की सैंपलिंग-टैस्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि जिला के सभी राशन कार्डधारकों को गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न उपलब्ध करवाए जा सकें।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।