बड़सर में मिनी सचिवालय के निर्माण से आम लोगों को होगी सुविधा

बड़सर ।
उपमंडल मुख्यालय बड़सर में कई दशकों से चली आ रही मिनी सचिवालय के निर्माण की मांग आखिरकार शुक्रवार को पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को बड़सर में एक आधुनिक एवं भव्य मिनी सचिवालय के भवन का लोकार्पण करेंगे जोकि क्षेत्र के चहुमुखी विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
इस भवन में एसडीएम कार्यालय सहित कई अन्य सरकारी विभागों के कार्यालय भी एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। एक ही जगह पर कई सरकारी कार्यालयों के उपलब्ध होने से क्षेत्रवासियों को काफी सुविधा होगी और उन्हें विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए इधर-उधर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
बड़सर में कई दशकों से एक ऐसे मिनी सचिवालय भवन के निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसमें एक ही जगह पर सभी सरकारी कार्यालय हों और आम लोगों को एक ही जगह पर सभी सुविधाएं एवं सेवाएं उपलब्ध हो सकें। क्षेत्रवासियों के इस सपने को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू साकार करने जा रहे हैं।
बड़सर के एसडीएम राजेंद्र गौतम ने बताया कि मिनी सचिवालय के भवन के उदघाटन और मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।