बजट की खूबियां समझाने को केंद्र से भाजपा को नेता बुलाने पड़े, प्रदेश भाजपा की भी समझ से बाहर: शगुन दत्त

हमीरपुर,
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट शगुन दत्त ने आज जारी बयान में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेश बजट में हिमाचल को फिर निराशा ही हाथ लगी है और प्रदेश के भाजपा नेताओं ने इस पर टिप्पणी करने से अपना पल्लू झाड़ा और केंद्र से नेता बुलाकर आंकड़ों के मायाजाल में उलझाने का प्रयास किया। शगुन ने कहा कि ऐसी क्या ज़रूरत पड़ गई कि केंद्र से नेता बुलाकर बजट की खूबियां भाजपा द्वारा गिनवाई गई, इससे साफ स्पष्ट होता है कि प्रदेश भाजपा के नेताओं को स्वयं समझ नहीं आया है कि इस बजट में हिमाचल को क्या मिला है। शगुन ने कहा कि पिछले वर्ष हिमाचल को इस सदी की सबसे बड़ी आपदा से जूझना पड़ा, परंतु केंद्र सरकार ने हिमाचल के साथ सौतेला व्यवहार किया है। शगुन के कहा कि आपदा के दौरान नेशनल हाईवे को हुए नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार को विशेष बजट का प्रावधान करना चाहिए था क्योंकि हिमाचल की आर्थिकी पर्यटन पर आधारित है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में किस हेड के तहत कितनी सहायता हिमाचल को जारी की गई है, इसको भाजपा सार्वजनिक करे। शगुन ने कहा कि भाजपा के प्रादेशिक नेतृत्व का ध्यान बस प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को गिराने में ही लगा रहा और प्रदेश की जनता ने उसका मुंहतोड़ जवाब उपचुनावों में दिया। शगुन ने कहा कि बेहतर होता कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर अपने पद की महत्ता को समझते और प्रदेश के विकास में सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाते परंतु वह तो दिल्ली जाकर हिमाचल के विकास में रोड़ा अटकाने का ही काम करते नजर आए।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।