बच्चों के पहले 1000 दिनों के दौरान पोषण का रखें विशेष ध्यान’

हमीरपुर।

बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय भोरंज ने सोमवार को ग्राम पंचायत अमरोह में पोषण माह के तहत पोषण दिवस एवं जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इस अवसर पर सही पोषण पर चर्चा करते हुए आंगनवाड़ी वृत पर्यवेक्षक अंजना शर्मा ने कहा कि बच्चे की जिंदगी के पहले 1000 दिन सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। इसी समय बच्चे के शारीरिक एवं मानसिक विकास की नींव रखी जाती है। इन दिनों को जिंदगी के स्वर्णिम दिन माना जाता है। अंजना शर्मा ने कहा कि इस दौरान बच्चों के आहार का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उसके आहार में सभी पोषक तत्वों का समावेश किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने लोगों को गीत के माध्यम से भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं ने पौष्टिक गुणों से भरपूर पारंपरिक व्यंजनों का स्टॉल भी लगाया।
इस मौके पर स्थानीय पंचायत प्रधान मीना कुमारी, पंचायत सदस्य बबली देवी, रणजीत सिंह, अमरजीत, संजीव कुमार, विनोद कुमार, मीरा देवी, कुसुम कुमारी, नरेश कुमारी, रामप्यारी, मीना देवी, क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर्स, महिला मंडल की पदाधिकारी और अन्य महिलाएं भी उपस्थित रहीं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।