बच्चों की जिंदगी के पहले 1000 दिन सबसे महत्वपूर्ण’

भोरंज ।

बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय भोरंज ने शनिवार को ग्राम पंचायत भौंखर के आंगनवाड़ी केंद्र भौंखर में पोषण माह के तहत पोषण दिवस मनाया। इसकी अध्यक्षता स्थानीय पंचायत प्रधान वीरेंद्र सिंह ने की।
इस अवसर पर लदरौर वृत्त की पर्यवेक्षक आशा रानी ने उपस्थित लोगों को पोषण अभियान के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। बच्चों के सही पोषण की चर्चा करते हुए आशा रानी ने बताया कि किसी भी बच्चे की जिंदगी के पहले 1000 सबसे महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि इसी अवधि के दौरान उसका सबसे ज्यादा शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। पर्यवेक्षक ने कहा कि इन 1000 सुनहरे दिनों के दौरान बच्चों के पोषण का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने छह माह से अधिक आयु के बच्चों के पोषाहार के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। स्वास्थ्य सुपरवाइजर सावित्री देवी और महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता ने भी लोगों को पौष्टिक आहार और स्वास्थ्य के बारे में बताया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकार्ताओं ने भी पोषाहार के विषय पर गीत-संगीत के माध्यम से लोगों को जागरुक किया। इस अवसर पर पंचायत सदस्य संजीव कुमार, सरिता देवी, मनोरमा देवी, मीरा देवी, मनजीत सिंह, क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर्स, महिला मंडल की पदाधिकारी और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।