बचाव कार्यों के लिए सभी पंचायतों को मिलेंगे उपकरण : अमरजीत सिंह

हमीरपुर।
किसी भी तरह की आपात परिस्थिति के दौरान बचाव कार्यों को तत्परता के साथ अंजाम देने तथा इसके लिए पंचायत स्तर तक आवश्यक प्रबंध करने के लिए अब प्रदेश सरकार सभी ग्राम पंचायतों को सुरक्षा किट्स एवं आवश्यक उपकरण प्रदान करेगी। मंगलवार को जिला हमीरपुर में भी इन सुरक्षा किट्स एवं उपकरणों का वितरण आरंभ कर दिया गया है। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने जिला की दस पंचायतों को यह सामान प्रदान करके इस अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की आपात परिस्थिति में स्थानीय लोग ही सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचते हैं। अगर इन लोगों के पास मौके पर ही आवश्यक उपकरण हों तो वे तुरंत बचाव कार्य आरंभ कर सकते हैं तथा जान-माल के नुक्सान को रोक सकते हैं। इसी के मद्देनजर, जिला की सभी ग्राम पंचायतों को सुरक्षा किट्स एवं उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। पहले चरण में दस पंचायतों को यह सामान दिया जा रहा है। इसमें सेफ्टी हैलमेट, सर्च लाइट, स्ट्रैचर, मैगाफोन, रस्सियां, हैमर, फर्स्ट एड किट और अन्य सामान शामिल है। उपायुक्त ने सभी पंचायत जनप्रतिनिधियों से इसका सदुपयोग करने की अपील की। एडीसी अभिषेक गर्ग ने भी पंचायत जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर एसडीएम संजीत सिंह, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सुमन भारती, डीडीएमए की जिला समन्वयक (प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण) समीक्षा शर्मा, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के प्रभारी भानु शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।