बचत भवन की दुकान की नीलामी 18 को

हमीरपुर ।

उपायुक्त कार्यालय के परिसर में स्थित बचत भवन की प्रथम मंजिल पर बाजार की तरफ नवनिर्मित दुकान को आधे बरामदे सहित मासिक किराये के आधार पर नीलाम किया जाएगा। दुकान की नीलामी की प्रक्रिया 18 फरवरी को सुबह 11 बजे बचत भवन में पूर्ण की जाएगी। इसका न्यूनतम आरक्षित मासिक किराया अठारह हजार रुपये निर्धारित किया गया है तथा प्रत्येक बोलीदाता को नीलामी से पूर्व दस हजार की धरोहर राशि उपायुक्त के सहायक आयुक्त कार्यालय में जमा करवानी होगी। दुकान अधिकतम बोलीदाता को तीन वर्षों के लिए किराये पर दी जायेगी तथा बोलीदाता को तीन माह का किराया अग्रिम राशि के तौर पर तीन दिन के भीतर जमा करवाना होगा।असफल बोलीदाताओं द्वारा जमा करवाई गई धरोहर राशि नीलामी के उपरांत वापिस कर दी जाएगी।
उपायुक्त के सहायक आयुक्त और जिला बचत विकास एवं सेवा समिति के सचिव चिराग शर्मा ने बताया कि नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित अपने आवेदन 17 फरवरी सायं 5 बजे तक उपायुक्त के सहायक आयुक्त कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। नीलामी के संबंध में अधिक जानकारी के लिए इसी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।