फील्ड में जाकर जनसमस्याओं की वास्तविकता समझें अधिकारी: कैप्टन रणजीत सिंह

हमीरपुर ।

जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक बुधवार को परिषद के सम्मेलन हॉल में आयोजित की गई, जिसमें सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। परिषद की अध्यक्ष बबली देवी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विभिन्न सदस्यों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर विभागीय अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की गई।
इस अवसर पर विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि जिला परिषद का एक सदस्य 15 से 18 ग्राम पंचायतों का जनप्रतिनिधि होता है और उसके द्वारा उठाए गए मुद्दे सीधे तौर पर आम जनता से जुड़े होते हैं। सभी अधिकारियों को इन मुद्दों को गंभीरता के साथ लेना चाहिए तथा इनके निवारण के लिए त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से फील्ड विजिट करें। उन्होंने कहा कि मौके पर जाकर ही जनसमस्याओं की वास्तविकता का पता चलता है तथा उसका निवारण बेहतर ढंग से किया जा सकता है। उन्होंने पर्यावरण के संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण की अपील भी की। कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि आचार संहिता की अवधि की समाप्ति के बाद प्रदेश सरकार विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं को तेजी से क्रियान्वित कर रही है। इसमें पंचायत जनप्रतिनिधियों का सहयोग भी बहुत जरूरी है।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष बबली देवी ने भी सभी अधिकारियों से कहा कि वे परिषद के सदस्यों की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई करें तथा फोन कॉल्स के माध्यम से की गई शिकायत या सुझाव को भी गंभीरता से लें।
बैठक के दौरान विभिन्न सदस्यों ने पेयजल समस्या, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं और आम लोगों से जुड़ी कई अन्य समस्याओं को लेकर विभागीय अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की। परिषद की आय-व्यय को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई।
एडीएम एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल चौहान ने सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि बैठक में उठाए गए मुद्दों के संबंध में विभागीय अधिकारी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने इस दिशा में सभी अधिकारियों को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत अधिकारी एवं जिला परिषद की सचिव शशिबाला ने बैठक का संचालन किया तथा परिषद के सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों के बारे में विभिन्न विभागों की ओर से प्राप्त रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इससे पहले, सभी सदस्यों ने कैप्टन रणजीत सिंह को विधायक निर्वाचित होने पर बधाई दी तथा उन्हें परिषद की ओर से सम्मानित भी किया।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।