फाउंडेशनल लिटरेसी को बढ़ावा: ओमेगा प्रकाशन का वर्कबुक्स व फॉनिक्स ऐप लॉन्च

hamirpur,

अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में ओमेगा प्रकाशन के सहयोग से प्रारम्भिक साक्षरता एवं
संख्यात्मकता विषय पर एक राज्य स्तरीय शैक्षणिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन 21 मार्च को किया
गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए विद्यालय प्रमुखों, समन्वयकों एवं लगभग 100 से अधिक
शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ओमेगा प्रकाशन के चीफ
एडिटर टी.आर. शर्मा जी उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन में प्रारम्भिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए
महत्वपूर्ण विचार साझा किए गए। इस अवसर पर विद्यालय चेयरमैन श्री आर.सी. लखनपाल, वाइस
चेयरपर्सन श्रीमती चंद्र प्रभा लखनपाल, विद्यालय अकादमिक प्रधानाचार्य डॉ. हिमांशु शर्मा, विद्यालय
प्रधानाचार्य इंजीनियर श्रीमती नैना लखनपाल, डायरेक्टर श्री पंकज लखनपाल, उप प्रधानाचार्य श्री अश्विनी
शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डॉ हिमांशु शर्मा द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति
(NEP) एवं प्रारम्भिक स्तर के राष्ट्रीय पाठ्यचर्या ढाँचे (NCF) के अनुरूप दक्षताधारित अधिगम पर
विशेष चर्चा की गई। साथ ही, ध्वन्यात्मक जागरूकता (Phonemic Awareness), पठन-तत्परता
(Reading Readiness) तथा आनंदपूर्ण अधिगम वातावरण विकसित करने हेतु व्यावहारिक कक्षा-
आधारित रणनीतियों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर ओमेगा प्रकाशन द्वारा प्रारम्भिक साक्षरता
के लिए विकसित संरचित वर्कबुक श्रृंखला तथा “Ready to Read Phonics App” का औपचारिक
शुभारम्भ भी किया गया। ये संसाधन शिक्षकों को व्यवस्थित फॉनिक्स शिक्षण में सहयोग प्रदान करने
तथा शोध-आधारित अधिगम सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं। प्रतिभागियों ने
एक विशेष रूप से सजाई गई लर्निंग रिसोर्स गैलरी का भी अवलोकन किया, जिसमें कक्षा-अनुसंधान पर
आधारित वर्कशीट्स, शिक्षण-सामग्री एवं अधिगम मॉड्यूल प्रदर्शित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित
शिक्षकों एवं शिक्षाविदों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक संवाद और
सहयोग प्रारम्भिक शिक्षा को मजबूत बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।