फसल बीमा योजना का करें व्यापक प्रचार-प्रसार : अमरजीत सिंह

हमीरपुर।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक उपायुक्त अमरजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें एसडीएम संजीत सिंह, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. शशि पाल अत्री, जिला राजस्व अधिकारी सुभाष कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल, अन्य अधिकारी और क्षेमा जनरल इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि शामिल रहे।
इस बैठक में जिला हमीरपुर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के समग्र क्रियान्वयन प्रगति एवं उपलब्धियों की गहन समीक्षा की गई। कृषि उपनिदेशक डॉ. शशिपाल अत्री ने बताया कि रबी 2025-26 के दौरान गेहूं की फसल का बीमा करवाने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि किसानों को अपनी गेहंू की फसल का बीमा करवाने के लिए 1.5 प्रतिशत की दर से प्रति कनाल मात्र 36 रुपए प्रीमियम ही देना होगा। यदि प्राकृतिक कारणों से उनकी गेहूं की फसल को कोई नुकसान होता है तो किसानों के नुकसान की भरपाई क्षेमा जनरल इंश्योरेंस कंपनी द्वारा देय होगी। उन्होंने बताया कि इस समय जिला हमीरपुर में किसान क्रेडिट कार्ड धारकों की संख्या 45,810 है। इनकी संख्या बढ़ाने हेतु बैंकिग सस्थानों द्वारा अपनाई जा रही रणनीतियों पर भी बैठक में चर्चा की गई।
उपायुक्त ने बैंकों को केसीसी कवरेज को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि अधिकतम किसान ऋण एवं फसल बीमा की सुविधा प्राप्त कर सकें। उन्हांेने कृषि विभाग एवं बीमा कंपनियों को फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा जागरुकता शिविर लगाने के निर्देश भी दिए।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।