प्रधानमन्त्री मोदी के जन्मदिवस पर हमीरपुर में अनुराग सिंह ठाकुर दिव्यांगजनों को वितरित करेंगे आधुनिक सहायक उपकरण

हमीरपुर:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितम्बर) के पावन अवसर पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में ‘दिव्यांग सम्मान’ के रूप में एक विशेष उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। जिला प्रशासन हमीरपुर और जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) द्वारा आयोजित यह वितरण कार्यक्रम 17 सितम्बर 2026 को प्रातः 10:00 बजे उपायुक्त कार्यालय, हमीरपुर के बचत भवन में संपन्न होगा। उल्लेखनीय है कि 16 से 20 मार्च 2026 तक हमीरपुर के पाँचों उपमंडलों (बड़सर, हमीरपुर, सुजानपुर, नादौन और भोरंज) में आयोजित आकलन शिविरों में चिन्हित किए गए सभी पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को इस शिविर में अत्याधुनिक कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री ने ही ‘विकलांग’ के स्थान पर श्रद्धा और सामर्थ्य के प्रतीक शब्द ‘दिव्यांग’ से समाज को नई दृष्टि दी। मोदी सरकार द्वारा लागू ‘दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम’, देशव्यापी ‘सुगम्य भारत अभियान’, भारतीय सांकेतिक भाषा का मानकीकरण और सरकारी योजनाओं में मिलने वाली सुविधाओं ने दिव्यांग भाई-बहनों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। केंद्र सरकार की ‘एडीआईपी’ (ADIP) एवं ‘राष्ट्रीय वयोश्री योजना’ (RVY) के तहत आधुनिक उपकरण, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र व कृत्रिम अंग उपलब्ध कराना केवल सहायता नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के आत्मसम्मान और संकल्प का वास्तविक सम्मान है।

अनुराग ठाकुर सिंह ठाकुर ने सभी चिन्हित लाभार्थियों और उनके परिजनों से 17 सितम्बर को प्रातः 10:00 बजे बचत भवन में उपस्थित होकर इस सेवा-पहल का लाभ उठाने का आह्वान किया है। लाभार्थी अपने साथ पूर्व में आयोजित आकलन शिविर की पंजीकरण रसीद और पहचान व औपचारिकताएं पूर्ण करने हेतु अपना आधार कार्ड अवश्य लाएं। यदि कोई लाभार्थी अस्वस्थता या असमर्थता के कारण स्वयं उपस्थित होने में असमर्थ है, तो उनके परिजन लाभार्थी का आधार कार्ड, अपना आधार कार्ड और पंजीकरण रसीद प्रस्तुत कर उनकी ओर से उपकरण प्राप्त कर सकते हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।