प्रदेश सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिए आरंभ की हैं योजनाएं

हमीरपुर ,
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार ने कई योजनाएं आरंभ की हैं। इन योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने फोक मीडिया के माध्यम से व्यापक जागरुकता एवं प्रचार अभियान चलाया है।
इसी अभियान के तहत वीरवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध नटराज कला मंच के लोक कलाकारों ने नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत कश्मीर के गांव तेहली और ग्राम पंचायत सरेड़ी के गांव सरेड़ी में जागरुकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन लोक कलाकारों ने गीत-संगीत और नाटक के माध्यम से लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इसी प्रकार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध सुरभि कला मंच के लोक कलाकारों ने सुजानपुर उपमंडल के गांव चबूतरा और बगेहड़ा में जागरुकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इन कार्यक्रमों में लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, आवास योजना, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी महिला सम्मान निधि योजना, प्राकृतिक खेती की फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना, ओपीएस, राजीव गांधी स्टार्टअप योजना, हिम गंगा योजना और प्रदेश सरकार की कई अन्य योजनाओं से भी अवगत करवाया गया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।