प्रदेश भर में अव्वल रहे आईटीआई हमीरपुर की शिपाली और अभिषेक ठाकुर

हमीरपुर ।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) हमीरपुर के प्रशिक्षणार्थियों ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान व जिला का नाम रोशन किया है। संस्थान की सरफेस ऑर्नमेंटशन टेक्निक्स (कढ़ाई) ट्रेड की प्रशिक्षणार्थी शिपाली शर्मा ने राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड के अभिषेक ठाकुर ने एनसीवीटी सत्र 2022-24 में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। बुधवार 17 सितंबर को राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज सुंदरनगर में आयोजित कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और तकनीकी शिक्षा निदेशक ने इन दोनों प्रशिक्षणार्थियों को पुरस्कृत किया।
शिपाली शर्मा को 5100 रुपये की नकद राशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। अभिषेक ठाकुर को 21 हजार रुपये की नकद राशि, स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
संस्थान के प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा ने दोनों प्रशिक्षणार्थियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनकी मेहनत एवं समर्पण की सराहना की तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य ने संस्थान के अन्य सभी प्रशिक्षणार्थियों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि वे भी कड़ी मेहनत कर संस्थान एवं जिले का नाम रोशन करें। प्रधानाचार्य ने संबंधित ट्रेड की अनुदेशिका सुनीता देवी, मंजू लता शर्मा सहित संस्थान के अन्य सभी स्टाफ सदस्यों को भी इस सफलता पर बधाई दी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।