प्रतिभाशाली बच्चों को दिया जाएगा ऑनलाइन कोचिंग पैकेज : गंधर्वा राठौड़

हमीरपुर ।

जिला हमीरपुर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए जिला प्रशासन ने स्वयंसेवी संस्था वीनस फाउंडेशन और प्रसिद्ध ऑनलाइन कोचिंग संस्थान फिजिक्सवाला के सहयोग से एक विशेष पहल की है। इस संबंध में शनिवार को यहां बचत भवन में आयोजित शिक्षा एवं ग्रामीण उद्यमिता सम्मेलन ‘नवदिशा’ में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला प्रशासन ने वीनस फाउंडेशन के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किया है, जिसके तहत वीनस फाउंडेशन जिला हमीरपुर के चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को 11वीं कक्षा से फिजिक्सवाला का ऑनलाइन पैकेज निशुल्क उपलब्ध करवाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के इस दौर में आजकल ग्रामीण क्षेत्रों के कई प्रतिभाशाली बच्चे सही गाइडेंस एवं कोचिंग के अभाव में जेईई एवं नीट जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छे रैंक हासिल नहीं कर पाते हैं। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने यह पहल की है। वीनस फाउंडेशन और फिजिक्सवाला के अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए उपायुक्त ने ऑनलाइन कोचिंग पैकेज के लिए चयनित विद्यार्थियों से कहा कि वे इस पैकेज का भरपूर लाभ उठाते हुए कड़ी मेहनत करें और जेईई एवं नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करें।
इस अवसर पर वीनस फाउंडेशन की प्रमुख एकता चौधरी, टीम की अन्य सदस्यों दिव्या और स्वराल तथा फिजिक्सवाला के शिक्षक अमित कुमार ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कई विद्यार्थियों ने भी अपने विचार साझा किए।
इसके बाद दोपहर बाद के सत्र में उपायुक्त ने महिला स्वयं सहायता समूहों की उद्यमियों के साथ भी संवाद किया। इस दौरान वीनस फाउंडेशन की टीम ने महिला उद्यमियों एवं समूहों के उत्पादों का अवलोकन एवं मूल्यांकन किया। एकता चौधरी और अन्य विशेषज्ञों ने बताया कि वीनस फाउंडेशन इन महिला उद्यमियों के उत्पादों की मार्केटिंग में हरसंभव मदद करेगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।